चक्रवात दितवा : बंगाल की खाड़ी में पिछले कई दिनों से तबाही मचाने वाला चक्रवात दितवा (Cyclone Ditwah) आखिरकार कमजोर पड़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह अब गहरा अवसाद (Deep Depression) बन चुका है और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। हालांकि तूफान की तीव्रता कम हो गई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। आज और कल भी तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की चेतावनी जारी है।
चेन्नई, पुदुचेरी, तिरुवल्लुर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, वेल्लोर और रानीपेट जैसे जिलों में रेड अलर्ट बना हुआ है। तेज हवाएं, आंधी और गरज के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
चक्रवात दितवा का सफर: श्रीलंका से तमिलनाडु तक तबाही
पिछले हफ्ते बंगाल की खाड़ी में बना यह कम दबाव का क्षेत्र तेजी से गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया था। सबसे ज्यादा नुकसान श्रीलंका को हुआ, जहां अब तक 334 लोगों की मौत हो चुकी है, करीब 400 लोग लापता हैं और 13 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन ने पूरे द्वीप को हिला कर रख दिया।

- भारत सरकार ने तुरंत मदद भेजी। ऑपरेशन सागर बंधु के तहत भारतीय वायुसेना के विमानों
- ने कोलंबो एयरपोर्ट पर फंसे भारतीय यात्रियों को निकाला और राहत सामग्री पहुंचाई।
- विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी श्रीलंका को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
- रविवार देर रात तक तूफान उत्तर तमिलनाडु-पुदुचेरी तट से महज 50 किलोमीटर दूर था।
- 30 नवंबर की रात 11:30 बजे यह चेन्नई से 90 किमी और पुदुचेरी से भी लगभग इतनी ही दूरी पर था।
- 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ते हुए यह सोमवार तड़के (1 दिसंबर 2025) तक गहरा अवसाद में बदल गया।
IMD का अनुमान है कि 2 दिसंबर दोपहर तक यह और कमजोर होकर साधारण अवसाद (Depression) बन जाएगा और तट से कम से कम 30 किमी दूर रहेगा।
तमिलनाडु में अब तक का नुकसान
राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन ने रविवार को बताया कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में तमिलनाडु में 3 लोगों की मौत हो चुकी है। पेड़ गिरने, बिजली का करंट लगने और डूबने जैसी घटनाएं सामने आई हैं।
चेन्नई के वेलाचेरी, तांबरम, अंबत्तूर, मड़िपक्कम जैसे निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। सड़कें नदियां बन गईं, ट्रैफिक ठप हो गया और कई जगहों पर बिजली गुल है। तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू में कई जगहों पर 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश एक ही दिन में दर्ज की गई।
मौसम पूर्वानुमान: अभी और बारिश बाकी है!
- आज (1 दिसंबर): उत्तर तमिलनाडु, पुदुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट पर भारी से अति भारी बारिश।
- कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी।
- हवा की गति: उत्तर तटीय तमिलनाडु-पुदुचेरी में 60-70 किमी/घंटा (झोंके 80 किमी तक), दक्षिण तटीय क्षेत्रों में 55-65 किमी/घंटा।
- मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी।
सावधानी के उपाय!
- निचले इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित जगहों पर चले जाएं।
- बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहें।
- अनावश्यक यात्रा न करें।
- आपातकालीन नंबर (1070, 112) हमेशा तैयार रखें।












